बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जमड़ी में महिला स्व-सहायता समूह एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में गांधी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल बतौर मुख्यअतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा ग्रामीणों को गांधी जी के विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
गंगा महिला स्व-सहायता समूह जमड़ी और ग्रामवासियों ने किया आयोजन, गांधी जी के विचारों को जीवन में अपनाने का दिया संदेश।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल ने ₹10 लाख का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के माध्यम से देश और समाज को नई दिशा दिखाई। उनके विचार आज भी सामाजिक जीवन के लिए प्रासंगिक हैं।
विधायक ने कहा कि गांधी जयंती केवल महात्मा गांधी को याद करने का दिन नहीं, बल्कि उनके बताए आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का अवसर भी है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता, सेवा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में श्रीमती सुमित्रा बारमते, श्रीमती पुष्पा पटेल, श्री तेजसिंह पटेल, श्री विजय पटेल सहित ग्राम जमड़ी के ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत कुड़ेकेल के सरपंच श्री भारत लाल डड़सेना सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामवासियों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान गांधी जी के विचारों और उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए स्वच्छ, सशक्त और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।



