रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शनिवार, 26 सितंबर 2026 को प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में अवकाश रहेगा।
भारी बारिश के चलते बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए CM विष्णु देव साय का फैसला, सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूल रहेंगे बंद।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और आवागमन में परेशानी की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसी परिस्थितियों में स्कूली बच्चों को किसी तरह के जोखिम से बचाने के उद्देश्य से एक दिन के लिए विद्यालयों में अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों को घर पर ही रखने और मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने का अनुरोध किया गया है। भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
सरकार की ओर से संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को अवकाश संबंधी निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
प्रदेश में बारिश की स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है। ऐसे में विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे स्थानीय मौसम एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें।


