पिथौरा(जीतयादव)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसवानी के दो होनहार खिलाड़ियों ने संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
परसवानी के दो होनहार विद्यार्थियों प्राची तांडी और इशिका भोई ने संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बनाई राज्य स्तर पर जगह।
गुरुवार को आरंग में आयोजित संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसवानी के सात विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। 19 वर्ष बालिका वर्ग में प्राची तांडी ने पांच मुकाबलों में चार जीत और एक ड्रा के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर के लिए क्वालीफाई किया।
वहीं 17 वर्ष से कम आयु वर्ग में इशिका भोई ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने पांच में से चार मुकाबलों में जीत दर्ज कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई।
दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और शाला विकास समिति के सदस्यों ने खुशी जताते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के शतरंज कोच एवं व्याख्याता अखिलेश कुमार कर ने बताया कि परसवानी स्कूल में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ शतरंज का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। उनके अनुसार विद्यालय से अब तक 17 विद्यार्थी राज्य स्तरीय और 3 विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की शतरंज प्रतियोगिताओं के लिए चयनित हो चुके हैं।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रशांत निर्मलकर ने दोनों खिलाड़ियों की मेहनत और लगन की सराहना की। उन्होंने कहा कि लगातार अभ्यास और अनुशासन के साथ विद्यार्थियों ने विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने प्राची तांडी और इशिका भोई को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दोनों खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों में भी खेल के प्रति उत्साह बढ़ा है। विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि राज्य स्तर पर भी दोनों खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर परसवानी और पिथौरा क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।


