सरायपाली(जीतयादव)। बलौदा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुजारीपाली में दबिश देकर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 45 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 9 हजार रुपये बताई गई है।
बलौदा थाना पुलिस पुजारीपाली में की कार्रवाई, जमीन में छिपाकर रखी गई थी हाथ भट्ठी निर्मित शराब; आबकारी एक्ट के तहत भेजा गया जेल।
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पुजारीपाली निवासी सूरजो मांझी अपने घर में बड़ी मात्रा में हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखी हुई है। सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
पुलिस को देखकर एक महिला घर से भागने का प्रयास करने लगी, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सूरजो मांझी (39 वर्ष), पति मुरली मांझी, निवासी ग्राम पुजारीपाली, थाना बलौदा, जिला महासमुंद बताया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने घर के कमरे में जमीन के अंदर बनाए गए गड्ढे से 45 लीटर अवैध हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की। गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 9 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


