महासमुंद(जीतयादव)।एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 77 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल एक एंबुलेंस, एक पायलेटिंग कार और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 50 लाख 45 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
उड़ीसा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था गांजा।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक एंबुलेंस में मादक पदार्थ भरकर महासमुंद होते हुए महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टेमरी जांच नाका में घेराबंदी कर एंबुलेंस क्रमांक MH 13 CU 0707 और पायलेटिंग कार क्रमांक MH 12 NB 5277 को रोका गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान एंबुलेंस से 77 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि तस्कर मादक पदार्थ को बालीगुडा (उड़ीसा) से लेकर सोलापुर (महाराष्ट्र) में खपाने की तैयारी में थे। पुलिस ने बताया कि एंबुलेंस में छिपाकर गांजा तस्करी करने की कोशिश को तीसरी बार नाकाम किया गया है।
कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों में एंबुलेंस चालक आकाश उर्फ अक्षय जाधव निवासी धाराशिव महाराष्ट्र के अलावा पायलेटिंग कार में सवार लिंबाजी जाधव, धनंजय लोखंडे, प्रथमेश पिंगले और अजय काले शामिल हैं। सभी आरोपी महाराष्ट्र के निवासी बताए गए हैं।
![]()
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पिछले चार महीनों में जिले में गांजा तस्करी के 84 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 6093.121 किलोग्राम गांजा जब्त कर 221 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 54 आरोपी छत्तीसगढ़ और 167 अन्य राज्यों के निवासी हैं।



