महासमुंद(जीतयादव)। बेमचा स्थित पनखटिया तालाब के किनारे संचालित कथित जुआ फड़ पर महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन और 11 मोटरसाइकिल सहित करीब 3.84 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए 10 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बेमचा में 31,980 रुपये नकद, 11 मोटरसाइकिल और 4 मोबाइल जब्त, 10 फरार आरोपियों की तलाश जारी।
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि पनखटिया तालाब, बेमचा के पास 52 पत्ती ताश पर हार-जीत का जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की और जुआ फड़ पर दबिश दी।
अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अंधेरे का फायदा उठाकर कई लोग वहां से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने सालिक राम चंद्राकर, राजकुमार निषाद और दीपक चंद्राकर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों में इंद्रा, संदीप, पूनाराम सहित अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फड़ और आरोपियों के कब्जे से 31,980 रुपये नकद, 4 स्मार्टफोन तथा 11 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 3 लाख 83 हजार 980 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सालिक राम चंद्राकर (36 वर्ष), राजकुमार निषाद (37 वर्ष) और दीपक चंद्राकर (35 वर्ष), सभी निवासी ग्राम बेमचा, महासमुंद के रूप में की है। आरोपियों तथा फरार अन्य लोगों के खिलाफ अपराध क्रमांक 446/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


