रायपुर(जीतयादव)। राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘प्रोजेक्ट सहारा-दिव्यांगजन उपकरण वितरण कार्यक्रम 2026’ में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके जीवन को अधिक सहज और सुविधाजनक बनाना है।
‘प्रोजेक्ट सहारा’ के तहत 1,739 दिव्यांगजनों को मिले आधुनिक सहायक उपकरण, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- ये उपकरण आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन की नई शुरुआत।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिव्यांगजनों के लिए ‘दिव्यांग’ शब्द का उपयोग किए जाने से समाज में सम्मान और आत्मगौरव की नई भावना मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी सोच के अनुरूप प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत करीब 3.58 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सहायक उपकरणों का वितरण किया गया है। इस योजना से 1,739 दिव्यांगजन लाभान्वित हुए। कार्यक्रम में उपकरण प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास नजर आया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि दिव्यांगजनों को ‘प्रोजेक्ट सहारा’ के तहत दिए जा रहे ये उपकरण महज सहायता सामग्री नहीं हैं, बल्कि उनके आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा से जुड़कर अपने सपनों को पूरा कर सकें और आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के हर वर्ग को समान अवसर और सम्मान देना सुशासन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम के जीर्णोद्धार, मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इस घोषणा से स्टेडियम की सुविधाओं को बेहतर बनाने और खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में नई उम्मीद जगी है।


