सरायपाली(जीतयादव)। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने ग्राम डुडुमचुंवा में कार्रवाई करते हुए 60 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
डुडुमचुंवा नाला के पास ग्राहकों का इंतजार कर रहा था आरोपी, आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर भेजा गया जेल।
पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम डुडुमचुंवा के नाला के पास एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब लेकर ग्राहकों के इंतजार में खड़ा है। सूचना मिलते ही सरायपाली पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दयाराम बरिहा, पिता सुंदर, उम्र 52 वर्ष, निवासी डुडुमचुंवा, थाना सरायपाली बताया। पुलिस ने उसके कब्जे में रखे सामान की तलाशी ली तो दो नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम मिले। प्रत्येक ड्रम की क्षमता 30 लीटर थी, जिनमें कुल 60 लीटर अवैध महुआ शराब भरी हुई थी। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 243/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 28 लाख 58 हजार 509 रुपये कीमत की 10,377.565 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है। वहीं 763 प्रकरणों में 861 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।


