महासमुंद(जीतयादव)। अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी और परिवहन के खिलाफ महासमुंद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोमाखान थाना पुलिस और साइबर टीम ने गांजा तस्करी के एक मामले में एंड-टू-एंड जांच करते हुए ओडिशा के बलांगीर जिले से गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
टेक्निकल एनालिसिस के जरिए कोमाखान पुलिस और साइबर टीम पहुंची गांजा सप्लायर तक, 10.190 किलो गांजा मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार।
मामला थाना कोमाखान के अपराध क्रमांक 75/2026 और एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(B) से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को वाहनों की चेकिंग के दौरान ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को साल्हेभाठा के पास रोककर तलाशी ली गई थी। उसके पास मौजूद कपड़े के बैग से 10.190 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 9 हजार 500 रुपये थी।
पूछताछ में गिरफ्तार परिवहनकर्ता राजकुमार उर्फ राजू देवांगन, निवासी साल्हेभाठा, थाना कोमाखान ने पुलिस को बताया था कि वह मादक पदार्थ ओडिशा के पटनागढ़ क्षेत्र से दीनबंधु नामक व्यक्ति से खरीदकर लाया था और इसे बागबाहरा क्षेत्र के आसपास चिल्हर में बेचने की योजना थी। इसके बाद पुलिस ने गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायर की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान थाना कोमाखान पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपी की पहचान और ठिकाने का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने ओडिशा के बलांगीर जिले के पण्डामुंडा गांव में दबिश देकर दीनबंधु कुम्हार, उम्र 37 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस मामले में पुलिस द्वारा पहले ही 10.190 किलो गांजा, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन सहित कुल 5 लाख 44 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। वहीं मादक पदार्थ परिवहनकर्ता राजकुमार उर्फ राजू देवांगन को भी पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।


