सरायपाली(जीतयादव)। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने ग्राम बालसी के नाला के पास कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 नग शेरा देशी प्लेन शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 7.200 लीटर और कीमत करीब 3,200 रुपये बताई गई है।
ग्राम बालसी नाला के पास पुलिस ने की घेराबंदी, 40 नग शेरा देशी प्लेन शराब और मोटरसाइकिल जब्त।
पुलिस के अनुसार 19 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए रास्ते में नाकाबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। पूछताछ में चालक ने अपना नाम श्रीराम जायसवाल, पिता श्याम सुंदर जायसवाल, उम्र 57 वर्ष, निवासी लम्बर, थाना सरायपाली बताया।
पुलिस ने संदिग्ध की तलाशी ली तो उसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक झोले से 40 नग शेरा देशी प्लेन शराब बरामद हुई। आरोपी शराब को अवैध रूप से बिक्री के लिए परिवहन कर रहा था। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
आरोपी के खिलाफ थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 240/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार अभियान के तहत अब तक 28 लाख 43 हजार 509 रुपये कीमत की 10,362.565 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है। वहीं 759 प्रकरणों में 857 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।


