बसना(जीतयादव)। विकासखंड बसना के शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी के प्रधान पाठक सरविन्द सिदार को शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा एवं नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान स्वर्गीय हरिवंश मिश्र की स्मृति में आयोजित समारोह में उनके पुत्र पूर्णानंद मिश्र द्वारा प्रदान किया गया।
गढ़पटनी के प्रधान पाठक शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा और नवाचारी शिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान।
रायपुर के विमतारा में आयोजित सम्मान समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 250 शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिभूमि एवं आईएनएच समूह के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात शिक्षाविद् संजय अग्रवाल ने की, जबकि डॉ. चितरंजन दास विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रधान पाठक सरविन्द सिदार ने गढ़पटनी विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार आधारित शिक्षण, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा को नई दिशा देने का कार्य किया है। उनके नेतृत्व में विद्यालय में कई अभिनव शैक्षणिक पहल संचालित की जा रही हैं, जिनसे विद्यार्थियों में सीखने की रुचि और रचनात्मक सोच का विकास हुआ है।
सम्मान प्राप्त करने पर श्री सिदार ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय परिवार, सहकर्मी शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण, ईमानदारी एवं नवाचार के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। उनकी इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।


