पिथौरा(जीतयादव)। पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम डिगेपुर स्थित धान उपार्जन केंद्र (सोसायटी) में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सभी सामान बरामद कर लिए हैं। इस कार्रवाई में डायल-112 टीम की त्वरित सूचना और सक्रियता महत्वपूर्ण रही।
डिगेपुर धान उपार्जन केंद्र का पिथौरा पुलिस ने 78 हजार रुपये से अधिक का चोरी गया सामान बरामद किया।
पुलिस के अनुसार लोचन पटेल ने 11 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बरेकेल के डिगेपुर उपार्जन केंद्र का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, केबल वायर, सीसीटीवी कैमरे, कैमरा केबल, 20 किलो के बाट, तीन फेस इलेक्ट्रॉनिक केबल तथा धान मापने के स्टील कटोरे सहित कुल 78,250 रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया। शिकायत में मोहित नागर और शोभु देवार पर संदेह जताया गया था, जिन्हें कथित रूप से चोरी का सामान मोटरसाइकिल में ले जाते हुए देखा गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पिथौरा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिरों को सक्रिय किया गया और संदिग्धों की तलाश तेज की गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गए सभी सामान बरामद कर पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित नागर (19 वर्ष) निवासी सुभाष नगर, महासमुंद तथा शोभु देवार (19 वर्ष) निवासी रानीसागरपारा, पिथौरा के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 174/2026 के तहत धारा 331(3), 305(ए) एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। अजमानतीय अपराध होने के कारण दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


