रायपुर(जीतयादव)। छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त के तहत प्रदेश की 66.74 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में ₹626.25 करोड़ की राशि सीधे अंतरित की है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके आत्मसम्मान को बढ़ावा देना है।
महतारी वंदन योजना की अब तक ₹18,805.53 करोड़ से अधिक राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में अंतरित, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर सरकार का जोर।
राज्य सरकार के अनुसार, महतारी वंदन योजना के शुरू होने के बाद से अब तक महिलाओं के खातों में कुल ₹18,805.53 करोड़ से अधिक की राशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जा चुकी है। इससे प्रदेश की लाखों माताओं और बहनों को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे उनके दैनिक जीवन और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिल रही है।
सरकार का कहना है कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण उसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ परिवार और समाज में उनकी भागीदारी को भी मजबूत किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि महिलाओं का सशक्त होना समृद्ध परिवार, सशक्त समाज और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।
महतारी वंदन योजना के तहत हर माह पात्र महिलाओं के खातों में सहायता राशि सीधे जमा की जाती है, जिससे उन्हें बिना किसी बिचौलिए के सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार ने योजना को महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।


