बसना। प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने राज्य सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत सर्वे के कारण कई पात्र परिवारों को योजना से वंचित कर दिया गया है, जबकि कुछ अपात्र लोगों के नाम सूची में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है और जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान बोले— प्रधानमंत्री आवास योजना में गलत सर्वे से गरीब परिवार योजना से वंचित, निष्पक्ष जांच और सूची संशोधन की उठाई मांग।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक गरीब परिवार आज भी कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं, लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची में स्थान नहीं मिला। उनका आरोप है कि सर्वे प्रक्रिया में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण वास्तविक हितग्राही योजना से बाहर हो गए। उन्होंने यह भी कहा कि कई ग्रामीणों ने ग्राम सभाओं में आपत्तियां दर्ज कराई, लेकिन उनकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने मांग की कि पूरे सर्वे की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिन पात्र परिवारों को अपात्र घोषित किया गया है, उनके नाम दोबारा सूची में जोड़े जाएं। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर ग्रामीणों की शिकायतों का समाधान किया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि सरकार को गरीबों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सर्वे प्रक्रिया में हुई त्रुटियों को जल्द सुधारना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पात्र हितग्राहियों को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन करेगी।


