महासमुंद(जीतयादव)। खल्लारी थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान भारती टंडन के रूप में हुई है, जो हाल ही में 11वीं कक्षा उत्तीर्ण कर 12वीं में प्रवेश ली थी। वह अपने परिवार में तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी।
लापता युवती भारती टंडन की रेत में दफन मिली लाश, पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया।
परिजनों के अनुसार, 19 जून को भारती ने अपना जन्मदिन मनाया था। उसी रात करीब 3 बजे वह घर से अचानक लापता हो गई। बताया जा रहा है कि उसका एक युवक के साथ प्रेम संबंध था और आशंका जताई जा रही है कि वह उससे मिलने घर से निकली होगी। जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और 20 जून को खल्लारी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इस बीच 22 जून को गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक नाले के पास रेत में दफन अवस्था में युवती का शव मिला। शव का कुछ हिस्सा बाहर दिखाई दे रहा था और आसपास दुर्गंध फैल रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के सिर पर धारदार हथियार से गंभीर वार किए जाने की पुष्टि हुई है। चोट इतनी गहरी थी कि खोपड़ी की हड्डी तक टूट गई थी। वहीं शरीर पर संघर्ष के निशान भी पाए गए हैं। दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए आवश्यक नमूने जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजे गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती के संपर्क में रहने वाले चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल डेटा और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और अन्य पहलुओं पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।


