रायगढ़। जिले में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत महिला थाना रायगढ़ ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए छेड़छाड़ के आरोपी सिक्योरिटी गार्ड इंचार्ज को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
महिला थाना रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड।
पुलिस के अनुसार पीड़िता एक निजी प्लांट में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है। युवती ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्लांट में गार्ड इंचार्ज के पद पर कार्यरत राजा बनर्जी लंबे समय से उस पर गलत नजर रखता था और अश्लील टिप्पणियां करता था। विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जाती थी।
![]()
शिकायत में युवती ने बताया कि आरोपी ने कई बार उस पर दबाव बनाया और एक दिन रजिस्टर जांच के बहाने अपने केबिन में बुलाकर अनुचित बातें कीं। इसके अलावा आरोपी ने उसे कॉलोनी स्थित अपने कमरे में बुलाकर कथित रूप से छेड़छाड़ की। पीड़िता ने विरोध करते हुए वहां से निकलकर घटना की जानकारी अपने सहकर्मियों और परिचितों को दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी गई। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी प्लांट के आसपास मौजूद है, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी राजा बनर्जी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी पीड़ित महिला को त्वरित न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


