पिथौरा(जीतयादव)। वन विभाग ने अवैध वनोपज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खैर प्रजाति की लकड़ी से भरे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। मामले में एक आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
जांच के दौरान पकड़ा गया लकड़ी से भरा ट्रैक्टर, आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वनमंडलाधिकारी मयंक पाण्डेय के मार्गदर्शन, संयुक्त वनमंडलाधिकारी डिम्पी बैस के निर्देशन तथा परिक्षेत्र अधिकारी अंतरंग पाण्डेय के नेतृत्व में 13 जून को विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान वन अधिकारियों और कर्मचारियों ने ट्रैक्टर क्रमांक CG 06 F 8307 को रोककर जांच की।
जांच में ट्रैक्टर में 28 नग खैर प्रजाति के आरटीएल लट्ठे (0.921 घनमीटर) तथा लगभग एक चट्टा खैर प्रजाति की जलाऊ लकड़ी का परिवहन करते पाया गया। वाहन चालक एवं आरोपी हुपराम भारद्वाज (31 वर्ष) निवासी ग्राम भैरोपुर से लकड़ी परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम 1927 की संबंधित धाराओं एवं छत्तीसगढ़ वनोपज (व्यापार विनियमन) नियम 2001 के तहत प्रकरण दर्ज कर ट्रैक्टर सहित पूरी वनोपज जब्त कर ली। जब्त सामग्री को वन परिसर पिथौरा में सुरक्षित रखा गया है।
वन विभाग ने बताया कि अवैध कटाई और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा वन संपदा की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।इस कार्रवाई में सहायक परिक्षेत्र अधिकारी राजकुमार साहू, वनपाल दिनेश शर्मा, वनरक्षक दीपक जेंद्रे, सुदामा पालेश्वर सहित वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


