रायगढ़। महिलाओं से जुड़े अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान, शादी का भरोसा देकर किया शोषण; पूंजीपथरा पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा।
पुलिस के अनुसार धरमजयगढ़ क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती ने थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान फरवरी 2025 में इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से हुई थी। बातचीत के दौरान युवक ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए विवाह का भरोसा दिलाया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
पीड़िता का आरोप है कि जुलाई 2025 में आरोपी ने उसे तराईमाल बुलाकर अपने क्वार्टर में रखा और शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लंबे समय तक विवाह का आश्वासन देकर उसका शोषण करता रहा। युवती के गर्भवती होने पर आरोपी ने उसे उसके घर भेज दिया, लेकिन बाद में विवाह करने से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पहले से विवाहित होने की जानकारी देते हुए युवती को धमकाने का भी प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपी सागर सारथी (25 वर्ष), निवासी ग्राम चांदागढ़ (तमता), जिला जशपुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



