रायगढ़। कोतवाली पुलिस ने लूटकांड की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
लूटकांड का खुलासा, आरोपियों से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और चाकू बरामद।
पुलिस के अनुसार 10 जून की रात जोगीडीपा क्षेत्र में दो अलग-अलग लूट की घटनाएं हुई थीं। पहली घटना में चांदमारी निवासी 27 वर्षीय युवक से आरोपियों ने रास्ता रोककर मारपीट की, जेब से नगदी निकाली और चाकू दिखाकर उसकी मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। वहीं दूसरी घटना में एक अन्य युवक को चाकू दिखाकर धमकाया गया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया।
लूटकांड की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जोगीडीपा क्षेत्र में दबिश देकर लूटकांड के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी उर्फ प्रकाश कुमार सारथी (25 वर्ष) और शाहीद सारथी (18 वर्ष) निवासी जोगीडीपा, रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू बरामद किया है।



