रायगढ़। जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटे अतरमुड़ा स्थित एक किराये के मकान में संचालित देह व्यापार के अड्डे पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई कर महिला दलाल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवतियों को भी वहां से सुरक्षित बाहर निकाला तथा आपत्तिजनक सामग्री और नगदी जब्त की है।
चक्रधरनगर क्षेत्र के किराये के मकान में पुलिस की छापेमार कार्रवाई में देह व्यापार का भंडाफोड़।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में देह व्यापार की सूचना मिलने पर थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। सूचना थी कि छोटे अतरमुड़ा स्थित साईं मंगलम गली के एक किराये के मकान में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा। निर्धारित संकेत मिलने के बाद पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी। छापेमारी के दौरान एक कमरे में महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो महिलाओं के साथ एक अन्य व्यक्ति मौजूद था। पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने मौके से तीन युवतियों को सुरक्षित निकाला।
पुलिस जांच में सामने आया कि मकान किराये पर लेकर वहां देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री के साथ पाइंटर द्वारा दिए गए 2,500 रुपये भी जब्त किए। पूछताछ में महिला ने कथित रूप से देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की।
मामले में पुलिस ने गुंजन चौहान (36 वर्ष), नेहरू चौहान (37 वर्ष) और मीर रविउल (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है और पुलिस इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।


