बसना(जीतयादव)। थाना सांकरा पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महुआ शराब जब्त की है, जिसे अवैध रूप से बिक्री के लिए रखा गया था। इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
किराना दुकान के पीछे बिक्री के लिए रखी अवैध महुआ शराब जब्त , आरोपी को किया गिरफ्तार।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम केसरीपुर निवासी आत्माराम पटेल (36 वर्ष), पिता दुखीराम पटेल, अपने किराना दुकान के पीछे महुआ शराब संग्रहित कर बिक्री की तैयारी कर रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तलाशी के दौरान एक सफेद रंग की प्लास्टिक बाल्टी में रखी महुआ शराब बरामद हुई।
जांच में कुल 7 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,400 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करते हुए शराब को जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अवैध गतिविधियों की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की है, ताकि ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।



