बसना(जीतयादव)। शासकीय नवीन महाविद्यालय पिरदा में सोमवार को जनभागीदारी विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के पदेन अध्यक्ष एवं बसना विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल ने की। इस दौरान महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास, अधोसंरचना को मजबूत करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
शासकीय नवीन महाविद्यालय पिरदा में नई पुस्तकों की खरीद से लेकर भवन निर्माण में बाधक बिजली खंभे हटाने तक कई महत्वपूर्ण फैसले, विद्यार्थियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं।
बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप विद्यार्थियों को आधुनिक एवं उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महाविद्यालय के लिए 1 लाख रुपये तक की नई पुस्तकों की खरीद को स्वीकृति दी गई। वहीं निर्माणाधीन नवीन महाविद्यालय भवन के निर्माण कार्य में बाधा बन रहे बिजली के खंभों को हटाने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी।
बैठक के दौरान एक सराहनीय पहल भी सामने आई। सहायक प्राध्यापक डॉ. अंकित भोई ने स्व. जयदेव सतपथी शासकीय महाविद्यालय बसना के सहायक प्राध्यापक नंदकिशोर प्रधान के साथ संयुक्त रूप से रचित हिंदी साहित्य (स्नातक प्रथम से चतुर्थ सेमेस्टर) की पुस्तकों का सेट महाविद्यालय के ग्रंथालय को भेंट करने की घोषणा की। इस पहल से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने मशासकीय नवीन महाविद्यालय पिरदा के प्राध्यापकों से विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं रोजगारपरक शिक्षा देने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा और आवश्यक संसाधनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकते हैं।


