बसना(जीतयादव)।भगतदेवरी में 30 मई 2026 को आए भीषण आंधी-तूफान और बारिश से हुए नुकसान के बाद ग्रामीणों ने कलेक्टर महासमुंद को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों के लिए राहत एवं आर्थिक सहायता की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण गांव में कई कच्चे और पुराने मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
भगतदेवरी में मकान क्षतिग्रस्त, पेड़ उखड़े और घरेलू सामान नष्ट; सर्वे कर मुआवजा देने की उठी मांग।
ग्रामीणों के अनुसार तेज हवा और बारिश के चलते कई मकानों की छतें उड़ गईं, दीवारें गिर गईं तथा कुछ मकान आंशिक और पूर्ण रूप से धराशायी हो गए। इसके अलावा बड़ी संख्या में पेड़-पौधे भी उखड़ गए, जिससे किसानों और ग्रामीण परिवारों को अतिरिक्त नुकसान झेलना पड़ा। कई घरों में रखा घरेलू सामान भी बारिश और मकान क्षति के कारण खराब हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रभावित परिवार वर्तमान में कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं और कई लोगों के सामने रहने की समस्या भी खड़ी हो गई है। ऐसे में शासन-प्रशासन से तत्काल राहत पहुंचाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि गांव में विशेष सर्वेक्षण दल भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाए, क्षतिग्रस्त मकानों का पंचनामा तैयार किया जाए तथा पात्र परिवारों को नियमानुसार राहत राशि प्रदान की जाए। साथ ही गिरे हुए वृक्षों और अन्य संपत्तियों के नुकसान का भी आंकलन कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए आपदा प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।



