बसना(जीतयादव)। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-53 पर सांकरा स्थित जोंक नदी बलदीडीह क्रॉसिंग के पास रविवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बागबाहरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक दयासागर भोई की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों, ग्रामीणों और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
NH-53 सांकरा के बलदीडीह क्रॉसिंग के पास ट्रेलर से टकराई बाइक, जांच में जुटी पुलिस।
जानकारी के अनुसार ग्राम गोडमर्रा निवासी दयासागर भोई (40 वर्ष) बागबाहरा थाना में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत थे। वे अवकाश पर अपने गृह ग्राम गोडमर्रा आए हुए थे। रविवार को निजी कार्य से पिथौरा गए थे और कार्य पूरा कर अपनी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (CG 06 GU 7059) से वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग NH-53 पर बलदीडीह स्थित सांकरा जोंक नदी क्रॉसिंग के निकट उनकी मोटरसाइकिल की बसना से रायपुर की ओर जा रहे ट्रेलर वाहन क्रमांक RJ 04 GD 2633 से जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल चालक रांग साइड से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से टक्कर होने के बाद बाइक चालक वाहन के नीचे जा घुसा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही सांकरा पुलिस मौके पर NH-53 पहुंची और गंभीर रूप से घायल दयासागर भोई को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। अस्पताल परिसर में शोक का माहौल व्याप्त रहा। दयासागर भोई के निधन की खबर जैसे ही गोडमर्रा सहित आसपास के गांवों में पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। उनकी असामयिक मृत्यु से न केवल परिवार बल्कि पुलिस विभाग और क्षेत्रवासियों को भी गहरा आघात पहुंचा है।



