रायगढ़। जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत तमनार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है।
तमनार पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के घर से 10 लीटर हाथ भट्ठी अवैध महुआ शराब बरामद।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिलेभर में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 25 मई 2026 को तमनार थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम करवाही राठिया पारा निवासी एक व्यक्ति अपने घर बाड़ी में अवैध महुआ शराब छिपाकर बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान आरोपी सुशील भीमा (36 वर्ष), निवासी करवाही राठिया पारा, थाना तमनार, जिला रायगढ़ से पूछताछ की गई। आरोपी ने अवैध शराब बिक्री करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के घर बाड़ी से 5 प्लास्टिक बोतलों में भरी कुल 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शराब को जब्त कर सीलबंद किया और आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बनारसी सिदार, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार, रंजीत भगत और पुरुषोत्तम सिदार की अहम भूमिका रही।



