रायगढ़(जीतयादव)। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया। आरोपी ने अपनी मां की हत्या करने के साथ बीच-बचाव करने आई बेटी पर भी जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मां की हत्या के बाद बेटी पर भी किया हमला, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार।
जानकारी के अनुसार, 17 मई को धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा निवासी मेरीना लकड़ा (70 वर्ष) अपने घर में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश जांगड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर महिला के सिर, माथे और कान के पास गंभीर चोट के निशान मिले। वहीं मृतिका की 10 वर्षीय नातिन अगोस्टिना लकड़ा भी गंभीर रूप से घायल हालत में मिली, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह मृतिका के बेटे संदीप लकड़ा पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह शराब के नशे में घर पहुंचा था। उसकी मां ने शराब पीने को लेकर डांट लगाई, जिससे गुस्से में आकर उसने घर में रखे लकड़ी के डंडे से मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई बेटी अगोस्टिना पर भी उसने हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी संदीप लकड़ा पिता स्व. भीमा लकड़ा उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह, एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



