बसना(जीतयादव)। रायपुर रेंज पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 378.060 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद पुलिस ने संयुक्त नाकेबंदी कर 12 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 89 लाख रुपए बताई गई है, जबकि 11 वाहनों सहित कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 98 लाख 5 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 378 किलो गांजा, 11 वाहन और करोड़ों की संपत्ति जब्त।
पुलिस जांच में सामने आया कि तस्करों ने इस बार मादक पदार्थ तस्करी के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। आरोपी खुद को कपड़ा फेरीवाला बताकर मोटरसाइकिलों में कपड़ों के ढेर के पीछे विशेष लोहे के कम्पार्टमेंट बनाकर गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। गांजा को उड़ीसा के बालिगुड़ा और रायगढ़ा क्षेत्र से मध्यप्रदेश पहुंचाने की योजना थी।
थाना बसना पुलिस ने 5 मोटरसाइकिलों में 215 किलो मादक पदार्थ जब्त कर मेताप टाटिया, रमेश चौहान, राजू कुमावत टाकिया, दीपक राजपूत और प्रकाश बंजारा को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे मामले में 23 किलो मादक पदार्थ के साथ मोहम्मद रिहान, मनोज सिंह और चंद्रशेखर को पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 247 किलो मादक पदार्थ , 7 मोटरसाइकिलें, 6 मोबाइल और मादक पदार्थ छिपाने में इस्तेमाल लोहे के जाले जब्त किए हैं। अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थ तस्करी के नए-नए तरीकों को लगातार नाकाम किया जा रहा है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।



