बसना(जीतयादव)। सिंगारपुर, लारीपुर और बड़े लोरम के जंगल क्षेत्र में तेंदूपत्ता तोड़ाई के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां अचानक भालू के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। वन क्षेत्र में इस तरह की घटना के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है।
तेंदूपत्ता तोड़ाई के दौरान सिंगारपुर निवासी युवक पर भालू का हमला, सांकरा से पिथौरा किया गया रेफर।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सिंगारपुर निवासी विशेष कुमार प्रधान पिता देवस्याम प्रधान तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गए थे। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाकर जंगल से बाहर निकाला और तुरंत सांकरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पिथौरा रेफर कर दिया। वर्तमान में डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज जारी है। शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं, हालांकि हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। वहीं वन विभाग को सूचना देकर निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



