महासमुंद(जीतयादव)। महासमुंद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा का नष्टीकरण किया गया। शासन की गाइडलाइन के अनुरूप जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में यह कार्रवाई 17 अप्रैल 2026 को की गई।
18 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त गांजा बालाजी प्लांट बेलसोण्डा में नष्ट, ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में कार्रवाई।
जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 18 प्रकरणों में जब्त कुल 999.200 किलोग्राम (09 क्विंटल 99 किलो 200 ग्राम) गांजा को नष्ट किया गया। इस जब्त मादक पदार्थ की कुल अनुमानित कीमत 5 करोड़ 4 लाख 23 हजार 300 रुपये बताई गई है।

यह नष्टीकरण बालाजी प्लांट में जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक महासमुंद, सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और जिला आबकारी अधिकारी की उपस्थिति में भौतिक सत्यापन के बाद किया गया।नष्ट किए गए गांजा में थाना कोमाखान के 7 प्रकरण, थाना बसना के 7 प्रकरण, थाना सांकरा का 1 प्रकरण, थाना सिंघोड़ा के 2 प्रकरण तथा थाना पिथौरा का 1 प्रकरण शामिल है। इनमें वर्ष 2025 के 2 प्रकरण (थाना सिंघोड़ा) और वर्ष 2026 के 16 प्रकरण शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।



