बसना(जीतयादव)।संस्कार द राइजिंग स्कूल ने सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में अपना परचम लहराया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर न सिर्फ स्कूल बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में 17 अप्रैल को विद्यालय परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर छात्रों की सफलता को साझा किया गया।
संस्कार द राइजिंग स्कूल के अभ्युदय कर ने 97.8% के साथ किया टॉप, कई छात्रों ने हासिल किए 90% से अधिक अंक।
इस वर्ष परीक्षा परिणाम में अभ्युदय कर ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं उर्वी साव (96%), दिव्यांशी विवेक (95.6%), सिद्धार्थ शेखर मिश्रा (93.8%) और राघवन प्रधान (93.6%) ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉपर सूची में जगह बनाई।

प्रेस वार्ता के दौरान छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित पढ़ाई और शांत वातावरण में की गई तैयारी को दिया। उन्होंने बताया कि स्कूल में हर विषय पर विशेष ध्यान और समय-समय पर समस्याओं का समाधान मिलने से बेहतर परिणाम संभव हो सका।
कार्यक्रम में विद्यालय के संचालक मुकेश अग्रवाल, भावेश अग्रवाल, विकास वाधवा तथा प्राचार्य संजय तिवारी सहित अभिभावक और शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

संस्कार द राइजिंग स्कूल के प्राचार्य संजय तिवारी ने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। वहीं प्रबंधन ने भविष्य में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने तथा आधुनिक संसाधनों के उपयोग पर जोर देने की बात कही।कार्यक्रम के अंत में टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिससे पूरे विद्यालय में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।



