रायपुर(जीतयादव)। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन पर आधारित पुस्तक “बिरहोर जननायक” का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुस्तक के लेखक डॉ. लोकेश पटेल को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा— सेवा, समर्पण और संघर्ष की प्रेरक गाथा है “बिरहोर जननायक”।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पद्मश्री जागेश्वर यादव का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि उनका पूरा जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित रहा है और उनके कार्य विशेष रूप से जनसेवा से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणादायक हैं।
![]()
उन्होंने कहा कि जशपुर जिले में ‘बिरहोर के भाई’ के रूप में पहचान रखने वाले जागेश्वर यादव ने बिरहोर आदिवासी समाज के उत्थान के लिए सराहनीय कार्य किए हैं। उनका सरल व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण यह दर्शाता है कि सच्चा नेतृत्व सेवा और संवेदनशीलता से ही बनता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “बिरहोर जननायक” पुस्तक उनके जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण की प्रेरक यात्रा को सामने लाती है, जो नई पीढ़ी को समाज के प्रति जिम्मेदार बनने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक पाठकों में सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक सिद्ध होगी।
![]()
इस अवसर पर लेखक डॉ. लोकेश पटेल ने बताया कि यह पुस्तक आदिम जनजातियों, विशेषकर बिरहोर समुदाय के विकास के लिए जागेश्वर यादव द्वारा किए गए कार्यों से प्रेरित होकर लिखी गई है। इसमें उनके जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान को विस्तार से दर्शाया गया है।
कार्यक्रम में परिवारजनों, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों ने भी उपस्थित होकर बधाई और शुभकामनाएं दीं।



