बसना(जीतयादव) संकुल केंद्र बसना अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में 11 अप्रैल 2026 को “अंगना म शिक्षा” कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य माताओं को बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं और बच्चों की उपस्थिति देखने को मिली।
‘अंगना म शिक्षा’ कार्यक्रम में ‘स्मार्ट माता’ के रूप में अगेश्वरी दास सम्मानित, जादुई पिटारा से कराई गई गतिविधियां।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। शिक्षकों ने “अंगना म शिक्षा” की महत्ता बताते हुए कहा कि घर का वातावरण ही बच्चों की पहली पाठशाला होता है, इसलिए माताओं की भूमिका बेहद अहम होती है। उन्हें बच्चों के साथ समय बिताने, पढ़ाई में सहयोग करने और स्वच्छता व अनुशासन की आदतें विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान “जादुई पिटारा” के माध्यम से विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें माताओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों से माताओं में जागरूकता और आत्मविश्वास का विकास देखने को मिला।

इस अवसर पर “स्मार्ट माता” के रूप में अगेश्वरी दास का चयन किया गया और उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रधान पाठक सरविन्द सिदार, शिक्षक लगन नाग, खीरवंती भोई, शिक्षा विद गोकुल चंद नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व माताओं—देवकी पटेल, लक्ष्मी पटेल, कैलाशी कैवर्त, रूक्मणी कैवर्त, उमा कैवर्त, विधुमति कर, बुद्धेश्वरी डडसेना, सावित्री दास, नीलू दास आदि का आभार व्यक्त किया गया।
यह आयोजन शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हुआ।




