बसना(जीतयादव)।अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सांकरा और थाना सरायपाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब के ठिकानों पर कार्रवाई की।
अवैध महुआ शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान 2500 किलो महुआ लहान नष्ट किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम सावित्रीपुर के जंगल खार में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रेड कार्रवाई की। मौके पर तीन आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से करीब 260 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। साथ ही लगभग 2000 किलो महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया और शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे चूल्हों को भी तोड़ दिया गया।

इस मामले में पुलिस ने टिकेश्वर कोसरिया (28) पिता सुखलाल कोसरिया, हेमंत लाल कुर्रे (26) पिता गजपति कुर्रे और लोकनाथ बारीक (28) पिता सतपति बारीक, सभी निवासी सावित्रीपुर थाना सांकरा जिला महासमुंद को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार विशेष अभियान के दौरान अब तक जिले में कुल 5658.211 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कीमत करीब 14 लाख 25 हजार 215 रुपये आंकी गई है। साथ ही 444 प्रकरणों में 503 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।



