बसना(जीतयादव)।सिरको क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। प्राथमिक शाख सहकारी सोसायटी मर्यादित सिरको (पंजीयन क्रमांक 963) के संचालन का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। लंबे समय से क्षेत्र के किसान अलग सहकारी शाखा की मांग कर रहे थे, क्योंकि पहले उन्हें अपने कार्यों के लिए सलडीह स्थित उप सहकारी संस्था पर निर्भर रहना पड़ता था। नई सोसायटी के शुरू होने से अब किसानों को स्थानीय स्तर पर ही विभिन्न सहकारी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
प्राथमिक शाख सहकारी सोसायटी मर्यादित सिरको (पंजीयन क्रमांक 963) के संचालन का शुभारंभ , स्थानीय स्तर पर मिलेंगी सहकारी सेवाएं।
जानकारी के अनुसार, पहले सिरको क्षेत्र सलडीह से संबद्ध प्राथमिक उप सहकारी संस्था के अंतर्गत आता था, जिसके कारण किसानों को कई बार दूर जाकर खाद-बीज, ऋण और अन्य कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता था। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुराने पंचायत भवन का जीर्णोद्धार कर उसे सहकारी भवन के रूप में विकसित किया गया है। अब इसी भवन से सहकारी सोसायटी का संचालन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के किसानों को काफी सहूलियत मिलेगी।

शुभारंभ अवसर पर पंडित द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए और सभी ने मिलकर संस्था के सफल संचालन की कामना की। किसानों ने कहा कि इस पहल से कृषि कार्यों में गति आएगी और समय पर खाद-बीज व ऋण उपलब्ध होने से खेती को भी मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में मंडी प्रभारी अरविंद सिदार, फड़ प्रभारी कैलाश पटेल, कंप्यूटर ऑपरेटर पुरुषोत्तम मालिक, सोहन पटेल सहित कई किसान उपस्थित रहे। इस पहल को साकार रूप देने में पूर्व सरपंच तपस्विनी कृष्णचंद्र बरीहा का विशेष योगदान रहा। वहीं पूर्व सरपंच जयप्रकाश मिश्रा, रेमड़ा सरपंच पार्वती शरण नेताम, सिरको सरपंच बंशीधर सिदार तथा वर्तमान सरपंच फगुलाल नेताम की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।




