बसना(जीतयादव)।चनाट क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम बदलने से हुई ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। दोपहर बाद तेज़ हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई और कुछ ही देर में बारिश के साथ ओले गिरने लगे। स्थानीय लोगों ने इसे “बर्फ़ जैसी बारिश” बताया। अचानक हुई इस ओलावृष्टि से क्षेत्र में कुछ समय के लिए जनजीवन भी प्रभावित रहा।
तेज़ हवा और बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि, कई जगह गेहूं व सब्ज़ियों की फसल प्रभावित होने की संभावना।
मौसम में आए इस बदलाव के कारण किसानों को अपनी फसलों को लेकर चिंता सताने लगी है। क्षेत्र में खड़ी गेहूं, सब्ज़ियों और अन्य फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों के अनुसार, तेज़ ओलों की मार से कई जगह फसलें झुक गईं और कुछ स्थानों पर पौधे टूट भी गए हैं, जिससे उत्पादन पर असर पड़ सकता है।
![]()
ओलावृष्टि और तेज़ बारिश के चलते लोगों को कुछ समय के लिए घरों में ही रुकना पड़ा। वहीं कच्चे मकानों और छप्परों को भी आंशिक नुकसान पहुंचने की खबर सामने आई है। हालांकि मौसम में अचानक आई इस बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फसलों को नुकसान हुआ है तो प्रशासन द्वारा जल्द सर्वे कराया जाना चाहिए, ताकि प्रभावित किसानों को उचित सहायता मिल सके।



