पिथौरा(जीतयादव)। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और खल्लारी पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में महुआ पास नष्ट किया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 15 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर थाना तेंदुकोना अंतर्गत पुलिस चौकी बुंदेली क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान बुंदेली इलाके में अवैध शराब बनाने के लिए रखे गए चार ड्रम महुआ पास को मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके अलावा पुलिस ने जांच के दौरान दो प्लास्टिक जारकीन में रखी करीब 15 लीटर महुआ शराब भी बरामद की, जिसे अवैध रूप से बिक्री के लिए रखा गया था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रेमलाल दिवान (45 वर्ष) निवासी रामनगर बुंदेली को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से जब्त की गई 15 लीटर महुआ शराब की अनुमानित कीमत करीब 3 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों तथा महुआ शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।



