पिथौरा(जीतयादव)।सुरक्षित और जागरूक समाज के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा “नवा बिहान” जन जागरूकता अभियान के तहत पिथौरा थाना परिसर में स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में करीब 80 छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए।
“नवा बिहान” अभियान के तहत जागरूकता शिविर, 1930 हेल्पलाइन, डायल-112 और 1098 की दी जानकारी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात नियमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए सोशल मीडिया और इंटरनेट का उपयोग करते समय विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है।
![]()
पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट की धमकी, सेक्सटॉर्शन, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी, फेक ट्रेडिंग ऐप और एपीके फाइल लिंक के जरिए होने वाले साइबर अपराधों के बारे में जागरूक किया। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और अपनी व्यक्तिगत या संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचें। साथ ही मजबूत पासवर्ड बनाने और व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर प्राइवेसी सेटिंग और टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।

“नवा बिहान” अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा डायल-112 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के महत्व की भी जानकारी दी गई।
“नवा बिहान” कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले गुड सेमेरिटन (नेक इंसान) को शासन द्वारा 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है।




