बसना(जीतयादव)। थाना बसना क्षेत्र के गढ़फुलझर में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर बसना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
महिला पर ब्लेड से हमला करने के बाद युवक ने बिजली के खंभे पर चढ़कर दी जान।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक युवक की पहचान राजेश बरिहा (25 वर्ष) पिता आनंद बरिहा , निवासी कांदाडोगर, थाना झारबंद (ओडिशा) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना बसना पुलिस टीम और वैज्ञानिक अधिकारी (एफएसएल) मौके पर पहुंचे और शव तथा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
![]()
जांच के दौरान पता चला कि मृतक युवक का पिछले करीब एक वर्ष से ओडिशा के चमारडीह गांव की एक महिला के साथ प्रेम संबंध था। महिला नवरात्रि मेला देखने अपने पति के साथ अपने मायके गढ़फुलझर आई हुई थी, जबकि राजेश भी अपने एक रिश्तेदार के घर गढ़फुलझर आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच महिला के बुलाने पर राजेश उससे मिलने उसके घर के बाहर पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान आवेश में आकर राजेश ने सेविंग ब्लेड से महिला के गले पर हमला कर उसे घायल कर दिया।

घटना के बाद राजेश ने पास में लगे बिजली के खंभे पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।थाना बसना में इस मामले में मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



