महासमुंद(जीतयादव)। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बनसिवनी में कई ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 54 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है। साथ ही मौके पर करीब 140 किलो महुआ लाहन को नष्ट किया गया।
बनसिवनी गांव में दबिश देकर 54 लीटर हाथ भट्ठी अवैध महुआ शराब जब्त, 140 किलो महुआ लाहन नष्ट।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बनसिवनी में कुछ लोग अवैध रूप से हाथ भट्ठी महुआ शराब बनाकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की टीम ने गांव में अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भूषण ध्रुव (46 वर्ष) के कब्जे से 4 लीटर महुआ शराब जब्त की। वहीं पंचराम उर्फ पंचू ध्रुव (45 वर्ष) के पास से 20 लीटर और समीर बंजारे (23 वर्ष) के पास से 30 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में कुल 54 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जिसकी कीमत लगभग 10,800 रुपये आंकी गई है, उसे जब्त कर लिया गया है। इसके अलावा शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे करीब 140 किलो महुआ लाहन को भी मौके पर नष्ट कर दिया गया।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




