महासमुंद(जीतयादव)।अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गरियाबंद पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त अभियान में 34 नग हीरे के साथ हीरा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये कीमत के 34 नग हीरे और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई, 34 नग हीरे के साथ उड़ीसा का हीरा तस्कर गिरफ्तार।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 मार्च 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से हीरे लेकर उनकी बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी गरियाबंद के नेतृत्व में पुलिस और साइबर टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस टीम ने ग्राम नहरगांव तिराहा स्कूल के पास संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम बंशीधर सेठी (50 वर्ष) निवासी ग्राम धोबापाड़ा, थाना भवानीपटना, जिला कालाहांडी (उड़ीसा) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 34 नग छोटे-बड़े चमकीले बहुमूल्य हीरे बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 9 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 9 लाख 25 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) तथा खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(4) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर है। किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



