महासमुंद(जीतयादव)। वाहन चेकिंग के दौरान पटेवा पुलिस ने एक कार से बड़ी मात्रा में नगदी रकम बरामद करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार के अंदर रखे बैग से 25 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को एनएच-53 रोड स्थित ग्राम जोगिडीपा में थाना के सामने वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पिथौरा की ओर से आ रही काले रंग की मारुति ग्रैंड विटारा कार (क्रमांक OD 15 AA 5080) को रोककर जांच की गई।
पटेवा पुलिस ने कार से 25 लाख रुपये नकद, मोबाइल और वाहन सहित 40.45 लाख की संपत्ति जब्त की।
कार चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मोहित आनंद (26 वर्ष) निवासी बुधाराजा, संबलपुर (ओडिशा) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर बीच सीट पर रखे सफेद-काले चेकदार बैग में 500 रुपये के नोटों के 50 बंडल, प्रत्येक बंडल में 100-100 नोट, कुल 25 लाख रुपये नगद बरामद हुए।
पूछताछ में मोहित आनंद ने बताया कि वह रायपुर में फ्लैट खरीदने के लिए यह रकम लेकर जा रहा था। पुलिस द्वारा नगदी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया गया, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्रैंड विटारा कार, दो मोबाइल फोन और 25 लाख रुपये नगद सहित कुल 40 लाख 45 हजार 840 रुपये की संपत्ति जब्त कर ली।पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति में ग्रैंड विटारा कार (कीमत लगभग 15 लाख रुपये), 25 लाख रुपये नकद और दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 45 हजार रुपये) शामिल हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



