बसना(जीतयादव)।बसना विकासखंड के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत प्रोजेक्ट और इनोवेटिव आइडिया के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छठवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिनमें बसना विकासखंड के कई विद्यालयों के विद्यार्थियों का चयन किया गया है।
प्रोजेक्ट और इनोवेटिव आइडिया के लिए चयनित विद्यार्थी अब बनाएंगे प्रोटोटाइप, जिला विज्ञान प्रदर्शनी में देंगे प्रस्तुति।
बसना ब्लॉक नोडल प्रेमचंद साव के नेतृत्व में हुए चयन में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अरेकेल से पल्लवी सिदार, मुनगाडीह से रितु लहरे, अंकोरी से करण डड़सेना और पायल निषाद, ढूटीकोना से बबिता चौहान और हेमलता सिदार, दुलारपाली से बबली जायसवाल, प्रिंस साहू और बिपाशा चौहान, उमरिया से संतोषी दीवान, माधोपाली से समीर कुमार भारती, कन्या शाला बड़े साजापाली से नेहा साहू, लोहड़ीपुर से सुधांशु मोहंती, बरपेलाडीह से अमित बाघ तथा सलखंड से अंशिका सिदार का चयन हुआ है।
इसके अलावा शासकीय हाई स्कूल ढूटीकोना से वेदिका साहू, शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसना से तान्या साहू, हाई स्कूल खोगसा से लता दीवान तथा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसना से भूमिका साव और रूखमणी का भी चयन किया गया है।

चयनित विद्यार्थियों को प्राप्त 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि से अपने नवाचारी प्रोजेक्ट और आइडिया को प्रोटोटाइप के रूप में विकसित करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद वे जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे। जिला स्तर पर चयनित होने वाले प्रोजेक्ट आगे राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं, जहां विद्यार्थियों को पेटेंट, स्टार्टअप और तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाता है। राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 60 सर्वश्रेष्ठ नवाचारों को सम्मानित किया जाता है।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे ने कहा कि इस तरह के नवाचार छात्रों में वैज्ञानिक सोच और शोध की प्रवृत्ति को बढ़ावा देते हैं। इससे विद्यार्थियों को भविष्य में वैज्ञानिक और शोधकर्ता बनने की प्रेरणा मिलती है।वहीं बीआरसीसी अनिल सिंह साव ने बताया कि चयन के लिए नवीनता, समाज के लिए उपयोगिता, पर्यावरण के अनुकूलता, आसान उपयोग और मौजूदा तकनीक से बेहतर होने जैसे मापदंडों को ध्यान में रखा गया।

चयनित विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, जिला समन्वयक जगदीश सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर सिंह कंवर सहित कई शिक्षा अधिकारियों और शिक्षकों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।




