बसना(जीतयादव)।राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अंतर्गत संकुल केंद्र बड़ेटेमरी के तहत संचालित शासकीय प्राथमिक शाला बड़ेटेमरी के छात्रों को शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति, पर्यावरण और ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी देना तथा उनके ज्ञान को व्यावहारिक अनुभवों से समृद्ध करना था।
प्राथमिक शाला बड़ेटेमरी के छात्रों को प्रकृति, वन्यजीव और ऐतिहासिक स्थलों की दी गई जानकारी।
शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के साथ शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पालकगण, शिक्षकगण, रसोइया और अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे। भ्रमण दल का नेतृत्व प्रधान पाठक वारिश कुमार ने किया। इस अवसर पर शिक्षिका श्रीमती नीलम कुमार, शिक्षादान करने वाली इंदु पटेल और पुष्पलता जगत भी उपस्थित रहीं।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को नरसिंगनाथ मंदिर के दर्शन कराए गए तथा चालधार में स्नान कराया गया। इसके साथ ही छात्रों को प्राकृतिक उद्यान, कपिलधार, महात्मा गांधी की प्रतिमा, गौकुंड, सीताकुंड, भीमधार और गंधमर्दन पहाड़ जैसे प्राकृतिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों के बारे में भी जानकारी दी गई, जिससे छात्रों में उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली। प्राकृतिक वातावरण और विभिन्न स्थलों के दर्शन से विद्यार्थियों का मन प्रफुल्लित हो उठा।

इस शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम को लेकर बसना विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर सिंह कंवर, विकासखंड स्रोत समन्वयक अनिल सिंह साव, नोडल प्राचार्य हरेकृष्ण बेहरा, संकुल समन्वयक वारिश कुमार तथा ग्राम पंचायत बड़ेटेमरी के सरपंच जयंती लोहर सिंह जगत ने हर्ष व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष बद्रीप्रसाद पटेल सहित अनेक पालकों और ग्रामीणों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।




