बसना(जीतयादव)।शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी, संकुल केंद्र बसना में दिनांक 06 फरवरी 2026 को “परीक्षा पे चर्चा 2026” मुख्य कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं एसएमसी सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर यूट्यूब चैनल न्यूज इंडिया स्मार्ट टीवी के माध्यम से देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का लोकप्रिय कार्यक्रम सामूहिक रूप से सुना गया।
विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक संदेश सुने, तनावमुक्त परीक्षा की ली सीख।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में परीक्षा को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करना, तनावमुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ तैयारी करना तथा जीवन में अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण की प्रेरणा देना रहा। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को परीक्षा को उत्सव की तरह लेने, समय प्रबंधन पर ध्यान देने और स्वयं पर विश्वास बनाए रखने की सीख दी। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है।

प्रधानमंत्री के सरल, सहज और व्यवहारिक संदेशों ने विद्यार्थियों को गहराई से प्रभावित किया। बच्चों ने पूरे मनोयोग से कार्यक्रम देखा और सुना, जिससे उनके भीतर नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
इस अवसर पर एसएमसी सदस्य कैलाशी कैवर्त, अन्नपूर्णा पटेल, तानिया कैवर्त, अगेश्वरी दास, मोहर साय पटेल, अमरसिंग पटेल, शनि लाल पटेल, भगवान दास पटेल एवं जलसाय पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधान पाठक श्री सरविन्द सिदार एवं शिक्षक श्री लगन नाग ने विद्यार्थियों को कार्यक्रम के महत्व से अवगत कराते हुए परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए उपयोगी सुझाव दिए।

कार्यक्रम में लगभग 70 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। इस प्रेरणादायी आयोजन से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ा और परीक्षा को लेकर उनका दृष्टिकोण अधिक सकारात्मक एवं मजबूत हुआ। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी ऐसे मार्गदर्शक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।



