पिथौरा(जीतयादव)।26 जनवरी को संत अन्ना स्कूल सांकरा जोंक में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसे फादर जोसेफ द्वारा संपन्न किया गया। इस अवसर पर उनके सहयोग के लिए सिस्टर रोशली जार्ज विशेष रूप से उपस्थित रहीं। ध्वजारोहण के पश्चात सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
गणतंत्र दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा सभी का मन।
इसके बाद विद्यालय से भारत माता की मनोहारी झांकी निकाली गई, जो डीजे और बाजे के साथ रथ गाड़ी में सुसज्जित रूप से पूरे ग्राम में भ्रमण करती रही। झांकी में रुचि पटेल भारत माता के रूप में रथ पर विराजमान रहीं, जिसे देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो भारत माता स्वयं ग्रामवासियों के बीच उपस्थित हों। बच्चों और शिक्षकों ने देश के महापुरुषों और वीर सपूतों के नारों के साथ पूरे वातावरण को देशभक्ति से भर दिया।

गणतंत्र दिवस अवसर पर झांकी संत अन्ना विद्यालय से प्रारंभ होकर ग्राम पंचायत सांकरा तक पहुंची, जहां बच्चों द्वारा सुंदर देशभक्ति नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात झांकी की वापसी विद्यालय परिसर में हुई, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक हेमचंद नन्द ने किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषण, देशभक्ति गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। सभी प्रस्तुतियां अनुशासन और देशप्रेम से ओत-प्रोत रहीं, जिसे देखकर अभिभावक एवं ग्रामीण काफी प्रभावित हुए।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मिठाई वितरित की गई और धनीराम खम्हारी द्वारा कार्यक्रम की औपचारिक समाप्ति की गई। इस आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही और पूरे गांव में देशभक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला।




