सरायपाली(जीतयादव)।77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर शासकीय उच्च प्राथमिक शाला भुथिया में भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यादायिनी मां सरस्वती के पूजन-वंदन से हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने “वीणावादिनी ज्ञान की देवी” गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
गणतंत्र पर्व पर विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियां, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का किया गया सम्मान।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत भुथिया के सरपंच श्री गोकुल भोई रहे, जबकि अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री झसकेतन प्रधान ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री विक्रम यादव (प्राचार्य, शा.उ.मा.वि. भुथिया), श्री तरुण भोई, श्री डिग्रीलाल प्रधान (व्याख्याता), श्री कौशल प्रधान (संकुल समन्वयक, सेमलिया) सहित अनेक गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे।

गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत आदिवासी नृत्य, “मेड इन इंडिया”, “हम भारत के हैं”, “तेरी मिट्टी में मिल जावां”, “मेरे प्यारे वतन” तथा छत्तीसगढ़ी रीमिक्स जैसे गीतों पर प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। प्रेरणादायक गीतों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर एनएमएमएस एवं प्रयास प्रवेश परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों, साथ ही पांचवीं व आठवीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को विशेष प्रोत्साहन राशि व मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक श्री ज्योति कुमार ठेठवार द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। आभार प्रदर्शन प्रधान पाठक श्री निर्मल प्रधान ने किया। बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं ग्रामीण नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।




