सरायपाली(जीतयादव)। नवीन पाठ्य-पुस्तक आधारित बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (FLN) प्रशिक्षण का विकासखंड सरायपाली के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जोन स्तरीय पाँच दिवसीय द्वितीय चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण 12 जनवरी 2026 से 16 जनवरी 2026 तक विकासखंड के तीन जोनों— झिलमिला, पैकिन एवं तोरेसिंहा में सुव्यवस्थित रूप से आयोजित किया गया।
FLN नवीन पाठ्य-पुस्तकों के प्रभावी क्रियान्वयन और गतिविधि आधारित शिक्षण पर रहा फोकस।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नवीन पाठ्य-पुस्तकों के प्रभावी क्रियान्वयन, गतिविधि आधारित शिक्षण, बाल-केन्द्रित शिक्षा, तथा कक्षा-कक्ष में शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक गुणात्मक और प्रभावी बनाना रहा।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री टी.सी. पटेल एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री देवानंद नायक के मार्गदर्शन में, प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल झिलमिला, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पैकिन तथा शासकीय कन्या उच्च प्राथमिक शाला तोरेसिंहा के सहयोग से संपन्न हुआ।
मास्टर ट्रेनरों ने दिया FLN का व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण स्थल झिलमिला में मास्टर ट्रेनर श्री श्रवण कुमार प्रधान, श्रीमती निरुपमा देवता एवं श्रीमती वर्षा नंद द्वारा शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।पैकिन जोन में मास्टर ट्रेनर श्री ऋषि प्रधान, श्रीमती ज्योति प्रधान एवं श्री दुर्वादल दीप द्वारा सत्रों का संचालन किया गया।

वहीं तोरेसिंहा जोन में मास्टर ट्रेनर श्री हेमंत भोई, श्री कामता पटेल एवं श्रीमती योगिता प्रधान ने शिक्षकों को नवाचारी शिक्षण तकनीकों से अवगत कराया।प्रशिक्षण में झिलमिला से 15 संकुल, पैकिन से 12 संकुल एवं तोरेसिंहा से 11 संकुलों के चयनित शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की।
महत्वपूर्ण विषयों पर हुआ विस्तृत मार्गदर्शन
पाँच दिवसीय FLN प्रशिक्षण के दौरान नवीन पाठ्य-पुस्तकों की संरचना, अधिगम परिणाम, चार-ब्लॉक मॉडल, खेल-खेल में सीखना, सतत एवं समग्र मूल्यांकन, बाल-केन्द्रित शिक्षण एवं कक्षा-कक्ष प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने हेतु समूह कार्य, प्रस्तुतीकरण, अनुभव साझा करना एवं मॉडल शिक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया।
चौथे दिन आयोजित हुआ ‘आनंद मेला’
प्रशिक्षण के चौथे दिवस आनंद मेला का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों द्वारा शैक्षणिक, रचनात्मक एवं कौशल-आधारित गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर बीआरसी महोदय ने सक्रिय सहभागिता करते हुए शिक्षकों से सामग्री क्रय कर ऑनलाइन भुगतान किया, जिससे डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहन मिला।
आनंद मेले के अवसर पर संकुल केंद्र सिरबोड़ा, चारभाटा, बांझापाली एवं सेमलिया के समन्वयकगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों को मार्गदर्शन देते हुए विद्यार्थियों को निपुण बनाने के लिए निरंतर नवाचार पर बल दिया।
आयोजन में रहा मजबूत समन्वय
प्रशिक्षण के सफल संचालन में झिलमिला जोन से श्री घनश्याम दास एवं श्री भोलानाथ नायक, पैकिन जोन से श्री भिखारी चरण साहू एवं श्री राजेश पटेल, तथा तोरेसिंहा जोन से श्री संजीत पात्र एवं श्री रविशंकर आचार्य का विशेष योगदान रहा।
शिक्षकों ने बताया प्रशिक्षण को प्रेरणादायक
FLN प्रशिक्षण समापन अवसर पर प्रतिभागी शिक्षकों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, उद्देश्यपूर्ण एवं प्रेरणादायक बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यालयों में शिक्षण-अधिगम की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण का विधिवत समापन किया गया।





