पिथौरा(जीतयादव)।यंग क्रिकेट क्लब पिथौरा के तत्वावधान में शनिवार को शहीद भगत सिंह खेल मैदान में आयोजित टी-20 ड्यूज बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में बसना विधायक संपत अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए चैंपियन ट्रॉफी का अनावरण किया और मैदान पर उपस्थित खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
खेल चरित्र निर्माण की आधारशिला : विधायक संपत अग्रवाल
इस अवसर पर विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र निर्माण की मजबूत आधारशिला होते हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि बसना विधानसभा का हर युवा मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहे, जिसके लिए ऐसे खेल आयोजनों की अहम भूमिका है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलता है और युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी योद्धा
विधायक अग्रवाल ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी एक योद्धा होता है। खिलाड़ियों को अपनी पूरी ऊर्जा, ईमानदारी और खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखना सिखाते हैं।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
खेल प्रतियोगिता उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद, नगर पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, स्वप्निल तिवारी, नरेश सिंघल, मन्नूलाल ठाकुर, अनूप अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, आयोजक, खिलाड़ी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आयोजक यंग क्रिकेट क्लब पिथौरा ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।






