बसना(जीतयादव)।सिख धर्म के दसवें गुरु एवं खालसा पंथ के संस्थापक धन-धन श्री गुरु गोविंद सिंह जी के 359वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर सिख समाज बसना द्वारा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बसना नगर में विशाल एवं भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
प्रकाश पर्व के अवसर पर भव्य नगर कीर्तन निकाला गया
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्री गुरुद्वारा साहिब बसना से लगातार 7 दिनों तक प्रातः 5 बजे प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के दौरान सिख समाज की माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं ने गुरुवाणी का गायन करते हुए नगर भ्रमण किया और गुरु साहिब के त्याग, बलिदान एवं अमृत वाणियों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

3 जनवरी को सिख समाज बसना द्वारा श्री निशान साहिब के चोले की सेवा की गई तथा प्रकाश पर्व की खुशी में श्री अखंड पाठ साहिब का आयोजन किया गया, जिसकी समाप्ति 5 जनवरी को हुई। इसी दिन श्री गुरुद्वारा साहिब बसना में विशेष दीवान सजाया गया, जिसमें शब्द-कीर्तन के उपरांत गुरु का लंगर प्रसाद वितरित किया गया।
6 जनवरी को दोपहर में विशेष दीवान के पश्चात गुरु का अटूट अलंकार सजाया गया। इसके बाद शाम 4 बजे श्री गुरुद्वारा साहिब बसना से धन-धन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सरपरस्ती में, पंज प्यारों की अगुवाई और नानक नाम लेवा संगत की उपस्थिति में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया।

नगर कीर्तन श्री गुरु नानक धर्मशाला बसना से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों—गायत्री मंदिर, राम-जानकी मंदिर, थाना चौक, शहीद वीर नारायण सिंह चौक—से होते हुए पुनः श्री गुरुद्वारा साहिब बसना में संपन्न हुआ। नगर कीर्तन में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां जैसे करमा, हुआ, पंथी नृत्य एवं अखाड़ा दल के करतब आकर्षण का केंद्र रहे।
इस अवसर पर राजनांदगांव से लाई गई ऐतिहासिक ठंडा बुर्ज, श्री फतेहगढ़ साहिब की आकृति में सजी पालकी साहिब में धन-धन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी विराजमान रहे। बाबा दीप सिंह सेवादल रायपुर द्वारा शब्द-कीर्तन की विशेष प्रस्तुति दी गई। गुरु ग्रंथ साहिब जी के सत्कार में मार्ग को जल से धोकर बुहारा गया एवं पुष्प वर्षा की गई।

नगर कीर्तन का विभिन्न समाजों—अग्रवाल समाज, बंजारा समाज, श्री राम-जानकी मंदिर समिति, मुस्लिम समाज, सतनामी समाज, मानिकपुरी समाज, सिंधी समाज सहित सर्व समाज एवं बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल द्वारा जगह-जगह स्वागत किया गया।

इस दौरान सिख समाज के अनेक वरिष्ठजन, युवा, माताएं-बहनें तथा बसना, सांकरा, गढ़फुलझर, पिथौरा, सरायपाली, झलप-भंवरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। भव्य एवं अनुशासित नगर कीर्तन ने आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और गुरु साहिब के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।



