बसना(जीतयादव)।विकासखंड बसना के अंतर्गत संकुल केंद्र जमदरहा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला ललितपुर में नेवता भोज का आयोजन 11वीं बार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन संकुल समन्वयक श्री डिजेंद्र कुर्रे के मार्गदर्शन एवं प्रधान पाठक श्री गफ्फार खान के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित समस्त अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। नववर्ष की खुशी के अवसर पर प्रधान पाठक श्री गफ्फार खान द्वारा स्वेच्छा से पीएम पोषण योजना अंतर्गत आंशिक रूप से नेवता भोज का आयोजन कराया गया।
नेवता भोज नववर्ष की खुशी में बच्चों को मिला पोषण और अपनापन
नेवता भोज के दौरान बच्चों को बूंदी, बालूशाही, खस्ता, अमरूद, बिस्किट एवं मिक्चर का वितरण किया गया। सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक नेवता भोज का आनंद लिया। इस सराहनीय पहल के लिए पालकों द्वारा प्रधान पाठक श्री गफ्फार खान के प्रति सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान पाठक श्री गफ्फार खान ने कहा कि नेवता भोज बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक सिद्ध हो रहा है। वहीं शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष नेहरूलाल ने कहा कि नेवता भोज विद्यालय में सामाजिक सहभागिता की अनूठी मिसाल बन चुका है और अब यह एक उत्सव का रूप ले रहा है।

इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री नेहरूलाल, रामेश्वरी, महेत्तरीन, बुधियारीन, भगवती, सहायक शिक्षक श्री प्रहलाद साहू, आंगनबाड़ी सहायिका गायत्री सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नेवता भोज के इस आयोजन पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री बद्री विशाल जोल्हे, विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री अनिल सिंह साव, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री लोकेश्वर सिंह कंवर, जमदरहा नोडल प्राचार्य श्री उत्तर कुमार चौधरी, संकुल समन्वयक श्री डिजेंद्र कुर्रे एवं जमदरहा संकुल के शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजन की सराहना की।



